ओटीएस योजना से मिलेगी आर्थिक राहत, सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, तीन दशक पुरानी जल निकासी समस्या का होगा स्थायी समाधान: विभु बंसल

ओटीएस योजना से मिलेगी आर्थिक राहत, सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, तीन दशक पुरानी जल निकासी समस्या का होगा स्थायी समाधान: विभु बंसल


नगर पालिका परिषद पिलखुवा के अध्यक्ष विभु बंसल ने शनिवार को नगर पालिका प्रांगण में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपने तीन वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास को नई दिशा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें रेलवे भूमि पर नाला निर्माण की स्वीकृति मिलना सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है, जिससे लगभग तीन दशक से चली आ रही जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि  भोलापुरी, नवरंगपुरी, पला रोड, रामपुर तथा मंडी क्षेत्र के लोगों को बरसात के दौरान जलभराव से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे भूमि पर नाला निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द शुरू होगा, जिससे हजारों नागरिकों को राहत मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर के समग्र विकास के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम, विकसित पार्क, ओपन जिम तथा विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े कार्य भी प्रस्तावित एवं प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा और किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली या बाहुबली क्यों न हो, सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभु बंसल ने नागरिकों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक लागू की जा रही एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत गृहकर, जलकर एवं सीवर कर के बकायेदारों को ब्याज और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने नगरवासियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इससे लोग अपने बकाया करों का आसानी से निस्तारण कर सकेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने नगर में कराए गए विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी और कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास तथा बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर अमित टॉक संजय चेतन राणा, संजय बंसल, सचिन पुंडीर आदि उपस्थित रहे

Post a Comment

0 Comments